प्रदेश में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम जारी रहेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
ठंडी हवा का असर बढ़ेगा
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में शुष्क और ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इससे रात का तापमान और नीचे जा सकता है तथा ठंड में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की गिरावट के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट के संकेत
रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 32.0 डिग्री जगदलपुर में और सबसे कम 12.4 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन अगले तीन दिनों में इसमें गिरावट देखने को मिल सकती है।