हर महीने की तरह नवंबर में कई वित्तीय बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो सीधे आपके मासिक खर्च को प्रभावित करेंगे। इस महीने LPG से लेकर आधार अपडेट और नए GST स्लैब तक कई नियम बदल रहे हैं।
LPG हुआ सस्ता
आज से 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव हुआ है। कमर्शियल सिलेंडर के दाम 5 रुपये घट गए हैं। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में अब 1,590.50 रुपये है। वहीं, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया।
आधार अपडेट पर रिवाइज्ड चार्ज
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये का शुल्क माफ कर दिया है। यह सुविधा 1 साल तक लागू रहेगी। वयस्कों के लिए नाम, जन्मतिथि, पता या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी अपडेट करने की लागत 75 रुपये होगी, जबकि फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन जैसे बायोमेट्रिक अपडेट पर 125 रुपये चार्ज किया जाएगा। अब बिना किसी सहायक दस्तावेज के भी आप ऑनलाइन अपना आधार पता, जन्मतिथि या नाम अपडेट कर सकते हैं। यह नियम आज से प्रभावी हो गया है।
बैंक नॉमिनेशन का नया नियम
1 नवंबर से बैंक ग्राहकों को एक खाते, लॉकर या सुरक्षित चीजों के लिए अधिकतम चार नामांकित व्यक्ति जोड़ने की अनुमति दी जाएगी। इसका उद्देश्य आपातकाल के समय परिवार के लोगों को धनराशि तक आसानी से पहुंच देना और स्वामित्व संबंधी विवादों से बचाना है। इसके साथ ही, ग्राहकों के लिए नामांकित व्यक्ति जोड़ने या बदलने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
नए जीएसटी स्लैब लागू
1 नवंबर से सरकार ने कुछ वस्तुओं पर नए दो-स्लैब जीएसटी सिस्टम लागू किया है। पहले चार स्लैब 5%, 12%, 18% और 28% थे, लेकिन अब 12% और 28% की स्लैब हटा दी गई है। इसके अलावा, लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर 40% GST लागू किया गया है।