मौसम पूरी तरह शुष्क रहने और लगातार सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठंड बरकरार है। गुरुवार को भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में तेज शीतलहर का असर रहा, वहीं सीहोर, शाजापुर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और शिवपुरी में भी शीतलहर महसूस की गई। रात का सबसे कम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया।
नौ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। दिन का सबसे अधिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया। अगले तीन दिन मौसम इसी तरह ठंडा बना रह सकता है, उसके बाद ठंड से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।
रात का तापमान सामान्य से कम
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास चक्रवात के रूप में बना हुआ है। वातावरण में नमी काफी कम है और हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से कम है।
हवाओं का रुख बदलने से मिलेगी राहत
आसमान पूरी तरह साफ रहने और आसपास के राज्यों में भी ठंड बढ़ने से प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से काफी कम बना हुआ है। दो दिन बाद हवाओं का रुख पूर्वी होने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।