


रणधीर सिंह बेनीवाल को बहुजन समाज पार्टी में नेशनल कोर्डिनेटर की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार को नेशनल कॉर्डिनेटर पद से हटाते हुए रणधीर बेनीवाल पर भरोसा जताया है। इससे जनपद के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।
आइए जानते हैं कि कौन हैं रणधीर बेनीवाल जिन्हें पार्टी ने नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया है। रणधीर बेनीवाल सहारनपुर के रहने वाले हैं और लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हैं।
उन्हें 2014 में सहारनपुर जिला प्रभारी पद की जिम्मेदारी पार्टी ने दी थी। इसके बाद 2016 से 2018 तक वह सहारनपुर और मेरठ मंडल के भाईचारा कमेटी के मंडल प्रभारी रहे। जून 2018 से वह हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ के प्रभारी हैं, जो लगातार इन राज्यों में पार्टी की मजबूती के लिए काम करते रहे।
रणधीर बेनीवाल शांत स्वभाव के अनुशासित नेता माने जाते हैं। यही वजह है कि पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने भाई आनंद के बाद उन पर भरोसा जताते हुए नेशनल कॉर्डिनेटर पद की जिम्मेदारी सौंपी है।