चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक के चोमेल के चामी गांव के कारगिल युद्ध के अमर शहीद लैसनायक श्याम सिंह बिष्ट के नाम से बनी चामी खेती लीदू सड़क बरसों से बदहाल हालत में है। पूरी सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। चामी के पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश सिंह महर ने बताया सड़क की बदहाली को लेकर गांव वासियों मे लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के खिलाफ काफी आक्रोश है।
पूर्व प्रधान महर ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा 31 अक्टूबर तक सड़कों के गड्ढे भरने व उनके सुधारीकरण के निर्देश दिए गए थे। पर शहीद के नाम से बनी इस सड़क का कोई संज्ञान नहीं लिया गया। बदहाल सडक पर भडके ग्रामीणों ने पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश सिंह महर के नेतृत्व में गांव वासियों ने शासन प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के खिलाफ बदहाल सड़क में खड़े होकर प्रदर्शन किया तथा शासन प्रशासन से जल्द शहीद के नाम से बनी सड़क पर डामरीकरण करने की मांग की।
पूर्व प्रधान प्रकाश सिंह महर व ग्रामीणों ने बताया आज से 10 से 12 साल पूर्व इस सड़क का निर्माण कार्य किया गया था तथा क्षेत्र के शहीद को सम्मान देने के लिए सड़क का नाम लैस नायक श्याम सिंह बिष्ट के नाम पर रखा गया और उनके नाम का बोर्ड भी सड़क लगाया गया।
उन्होंने बताया तब से इस सड़क की सुध नहीं ली गई पूरी सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी है आए दिन दो पहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं इस बदहाल मार्ग में यात्रा करने में ग्रामीणों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पूर्व प्रधान ने कहा कई बार लोक निर्माण विभाग व प्रशासन के अधिकारियों से शहीद के नाम का मान रखते हुए इस सड़क में डामरीकरण व सुधारीकरण की मांग की गई पर कोई संज्ञान आज तक नहीं लिया गया। उन्होंने कहा सिर्फ शहीद के नाम का बोर्ड लगाने से शहीद का सम्मान नहीं होता है।
पूर्व प्रधान व ग्रामीणों ने शासन प्रशासन और लोक निर्माण विभाग लोहाघाट से जल्द से जल्द सड़क में डामरीकरण करने की मांग की है ।कहा अगर उनकी मांग अब नहीं मानी गई तो क्षेत्र के सभी ग्रामीण डीएम कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।