


आज केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया अपना 53 वां जन्मदिन मना रहे है। पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने रविवार को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया।
पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा - मनसुख मांडविया भारत को खेल जगत में महाशक्ति बनाने और हमारे युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में पूरी ऊर्जा से काम कर रहे हैं। हमारे श्रमिकों के कल्याण के लिए उनके प्रयास भी उतने ही सराहनीय हैं, जो आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। ईश्वर करे कि वे दीर्घायु और स्वस्थ जीवन जिएं।
पीएम मोदी से मिली शुभकामनाओं पर केंद्रीय मंत्री मांडविया ने कहा - पीएम मोदी आपकी हार्दिक शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद। मैं आपके निरंतर मार्गदर्शन के लिए आभारी हूं। आप हमारे लिए हर दिन कड़ी मेहनत करने और देश के विकास और कल्याण में योगदान देने के लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं।
पीएम मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट लिखा - केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। भगवान सोमनाथ से प्रार्थना है कि आपको स्वस्थ, सुदीर्घ एवं सुयश पूर्ण जीवन की प्राप्ति हो।