


मध्य प्रदेश में 6 अप्रैल को बीजेपी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसे लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार हो गई है। पार्टी ने नेताओं-कार्यकर्ताओं को कुछ निर्देश भी जारी किए हैं। 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ था। हर साल 6 अप्रैल को बीजेपी स्थापना दिवस मनाती है। इस बार मध्य प्रदेश में भाजपा कई कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। प्रदेश के पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के निवास पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालयों की सजावट कर मिठाई बांटी जाएगी और जिला स्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।
गांव चलो बस्ती चलो अभियान
प्रदेश के 65 हजार 14 बूथों पर सम्मेलन होंगे। पार्टी के प्राथमिक सदस्यों को संगठनात्मक विस्तार की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में मिठाई बांट कर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया जाएगा। प्रदेश में एक करोड़ 75 लाख बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। एक लाख से अधिक सक्रिय सदस्य हैं। वहीं 7 से 12 अगस्त तक गांव चलो बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा।