


छतरपुर, बागेश्वर धाम में कलश यात्रा के साथ 8 दिवसीय बुन्देलखंड का महाकुंभ शुरु हो गया है। यजमान इस माध्यम से प्रायश्चित करते हैं और जलयात्रा में साथ-साथ चलते हैं। गांव की सिद्ध माता मंदिर से कलश यात्रा शुरु हुई और सभी मंदिरों से गुजरती हुई यज्ञ स्थल पर पहुंची। जगह-जगह कलश यात्रा का स्वागत हुआ और आरती उतारी गई।
जानकारी के मुताबिक ऊंट, घोड़े, ढोल, नगाड़े, बैंड-बाजे से सुसज्जित कलश यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। माता मंदिर से शुरु हुई यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश रखकर अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ चल रही थीं। सिर पर पुराण रखकर यजमान और पंडित चल रहे थे। भगवा ध्वज लहराते हुए श्रद्धालू आगे बढ़ते गए। गांव के मुख्य मार्गों से होकर निकली कलश यात्रा सभी मंदिरों को स्पर्श करते हुए यज्ञ स्थल पर पहुंची। इस यात्रा में महिलाओं के अलावा देश भर से आए बागेश्वर धाम के श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं कलश यात्रा में जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर महाराज की माता ने भी कलश यात्रा और पुराणों की आरती उतारी।