


राज्य प्रशासनिक सेवा के 16 अफसरों को आइएएस अवॉर्ड किया गया है। अब मध्यप्रदेश कैडर में अफसरों की संख्या 375 से बढ़कर 391 हो गई है। 2023, 2024 के खाली पदों के लिए 8-8 अफसरों को आइएएस अवॉर्ड हुए हैं। 16 अफसरों में राकेश कुशरे और नंदा भलावे कुशरे पति-पत्नी हैं। पूर्व के वर्षों से विभागीय जांच का सामना करने वाले नारायण प्रसाद नामदेव व डॉ. कैलाश बुंदेला का भी कद बढ़ा है।
विभागीय जांच में क्लीनचिट के बाद IAS अवॉर्ड
दो वर्ष पूर्व पदोन्नति रोक दी गई थी। विभागीय जांच में क्लीनचिट मिलने के बाद आइएएस अवॉर्ड हुआ है। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा के जयेंद्र कुमार विजयवत, मनोज मालवीय, कमल नागर, द्वारका बर्मन, कमलेश पुरी, सरोधन सिंह चूक गए। अधिकारियों के मुताबिक इन्हें अधिक उम्र होने व अन्य कारणों से पदोन्नति नहीं मिली।
459 पद हैं स्वीकृत
MP कैडर में 459 पद मंजूर हैं, जबकि 375 पदस्थ हैं। 16 नए अफसर जुड़ने के बावजूद 68 पद खाली रहेंगे। अधिकारियों का कहना है कि तय पद के अनुरूप अफसर देने का निर्णय केंद्र से होता है।
इनका कद बढ़ा
2023 के खाली पदों के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा के नारायण प्रसाद नामदेव, डॉ. कैलाश बुंदेला, नंदा भलावे कुशरे, अनिल कुमार डामोर, सविता झारिया, सारिका भूरिया, कमल सोलंकी व जितेंद्र सिंह चौहान को और 2024 के खाली पदों के विरुद्ध संतोष कुमार टैगोर, निशा डामर, राकेश कुशरे, शैली कनाश, रोहन सक्सेना, कविता बाटला, सपना अनुराग जैन व आशीष कुमार पाठक को आइएएस अवॉर्ड हुआ।