


बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह का निधन हो गया है। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे, भोपाल में उन्हें 'मम्मा' के नाम से जाना जाता था। लंबी बीमारी के बाद तड़के 4 बजे अंतिम सांस ली। सुरेंद्र नाथ सिंह भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। वे भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अध्यक्ष भी रह चुके थे। हालांकि पिछले कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था, जिसके चलते उन्हें कई बार अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य के चलते ही उन्होंने पिछला चुनाव भी नहीं लड़ा था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा है कि शोक की इस घड़ी में सबकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
सम्पूर्ण जीवन कमजोर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित किया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. सुरेन्द्रनाथ सिंह ने अपना सम्पूर्ण जीवन कमजोर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया, सिंह ने अपने व्यवहार, स्नेह एवं आत्मीयता से सम्मान प्राप्त किया और कार्यकर्ताओं के बीच अलग छवि बनाई। आमजन के बीच वे "मम्मा" के नाम से लोकप्रिय थे। उनके निधन से संगठन सहित भोपालवासियों को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजन को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।