


मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जब अपनी लय में हों तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। मौजूदा सीजन के शुरुआत में वह पूरी लय में नहीं थे। लेकिन इसके बाद हिटमैन ने रफ्तार पकड़ी और अब वह शानदार अंदाज में रन बना रहे हैं। रोहित शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतक लगाया। बता दें कि, मौजूदा सीजन में रोहित इससे पहले SRH और CSK के खिलाफ अर्धशतक लगा चुके हैं।
MI के लिए टी20 क्रिकेट में पूरे किए 6000 रन
मुंबई इंडियंस के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में 35 गेंदों में 53 रन बनाए। इस दौरान हिटमैन के बल्ले से 9 चौके निकले। इसी के साथ रोहित ने टी20 क्रिकेट में मुंबई इंडियंस के लिए 6000 रन पूरे कर लिए हैं। बता दें कि, रोहित शर्मा मुंबई के लिए इस बड़े मुकाम तक पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए अभी तक कुल 231 टी20 मैच खेले हैं
रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए अभी तक कुल 231 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें हिटमैन के बल्ले से 6017 रन निकले हैं। इस दौरान रोहित शर्मा ने दो शतक और 38 अर्धशतक लगाए हैं। आपको बता दें कि, रोहित शर्मा से पहले मुंबई इंडियंस के लिए कोई बल्लेबाज इतने रन नहीं बना पाया।
विराट कोहली के बाद किया कमाल
इसके अलावा रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में एक टीम के लिए 6000 रन बनाने वाले कुल दूसरे बल्लेबाज बने हैं। हिटमैन से पहले विराट कोहली आरसीबी की टीम के लिए 8871 रन बना चुके हैं। जेम्स विन्स ने हेम्पशायर के लिए 5934 रन बनाए हैं।