


भारत और रूस के मज़बूत संबंध किसी से भी छिपे नहीं हैं। लंबे समय से दोनों देशों के बीच काफी अच्छी दोस्ती रही है और समय के साथ यह और मज़बूत हुई है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दोस्ती भी जगजाहिर है। दोनों, समय-समय पर एक-दूसरे की तारीफ करने से भी पीछे नहीं हटते। पिछले साल पीएम मोदी ने दो बार रूस का दौरा किया था और पुतिन को भी भारत आने का न्यौता दिया था। पीएम मोदी के न्यौते को पुतिन ने स्वीकार कर लिया है और वह जल्द ही भारत का दौरा करने वाले हैं। गुरुवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस बारे में जानकारी दी।
कब आए थे आखिरी बार भारत?
पुतिन आखिरी बार 6 दिसंबर, 2021 को भारत आए थे। रूसी राष्ट्रपति, 21वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आए थे। हालांकि पुतिन का यह दौरा कुछ घंटों का ही था। इस दौरान पीएम मोदी और पुतिन के बीच कई अहम विषयों पर बातचीत हुई थी। ऐसे में पुतिन के आखिरी भारत दौरे को करीब 4 साल हो चुके हैं।
कब कर सकते हैं भारत दौरा?
फिलहाल लावरोव ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि पुतिन कब भारत आएंगे।हालांकि इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि रूसी राष्ट्रपति 23वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत का दौरा करेंगे। फिलहाल इस सम्मेलन की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। हालांकि पुतिन के भारत दौरे की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद होगा पहला भारत दौरा
रूस-यूक्रेन युद्ध, जो 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुआ था, के बाद से यह पुतिन का पहला भारत दौरा होगा। पूरे युद्ध के दौरान भारत ने कभी भी रूस की आलोचना नहीं की और भारत ऐसा करने वाले कुछ चंद देशों में शामिल है। भारत ने हमेशा ही शांति से इस युद्ध का समाधान निकालने का संदेश दिया। ऐसे में इस युद्ध के 3 साल पूरे होने के बाद जहाँ इसे रोकने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं, पुतिन के भारत दौरे पर दुनियाभर की नज़रें रहेंगी।