किसानों को धान बेचने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समितियों में लंबी कतारों से निजात मिलेगी।
किसान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से इस ऐप पर टोकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। खाद्य सचिव ने बताया कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमांत कृषक (2 एकड़ या उससे कम भूमि) को अधिकतम 1 टोकन, लघु कृषक (2 से 10 एकड़ तक) को अधिकतम 2 टोकन और दीर्घ कृषक (10 एकड़ से अधिक) को अधिकतम 3 टोकन प्रदान किए जाएंगे।
सात दिनों के लिए मान्य रहेंगे टोकन
उन्होंने आगे बताया कि नया टोकन बनाने के लिए समय-सीमा रविवार से शुक्रवार तक (प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक) निर्धारित की गई है। जारी टोकन आगामी 7 खरीदी दिवसों के लिए मान्य होंगे। धान खरीदी केंद्र की प्रतिदिन की खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत हिस्सा मोबाइल एप के माध्यम से टोकन हेतु आरक्षित रहेगा। इस 70 प्रतिशत में लघु एवं सीमांत कृषक के लिए 80 प्रतिशत और दीर्घ कृषक के लिए 20 प्रतिशत का आरक्षण होगा।