


टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री से एक शोक संदेश आया है, जिसने सबको स्तब्ध कर दिया है। फेमस मॉडल और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला ने 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका असमय निधन न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि उनके फैंस के लिए भी एक बड़ा सदमा है। शेफाली को 'कांटा लगा' गाने से रातों-रात स्टार का दर्जा मिला था, लेकिन उन्होंने सिर्फ एक्टिंग में ही नहीं, बल्कि अपनी पढ़ाई में भी कई मुकाम हासिल किए थे।
शेफाली की असमय मृत्यु
शेफाली जरीवाला को शुक्रवार रात को कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी उन्हें बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन हॉस्पिटल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी। शेफाली के निधन ने उनके परिवार और फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पढ़ाई में भी थी अव्ल
शेफाली जरीवाला ना केवल ग्लैमर वर्ल्ड में, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहद अव्ल थीं। बहुत कम लोग जानते हैं कि शेफाली इंजीनियरिंग की डिग्री धारक थीं। उन्होंने इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री हासिल की थी। शेफाली की शुरुआती पढ़ाई गुजरात में हुई थी, और उनका जन्म 1982 में अहमदाबाद में हुआ था। फिर उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की डिग्री मुंबई के सरदार पटेल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से की थी।
कांटा लगा गाने ने बदल दी जिंदगी
शेफाली को एक्टिंग में पहला ब्रेक कॉलेज के दौरान ही मिला था। उन्हें 'कांटा लगा' गाने के म्यूजिक वीडियो में काम करने का ऑफर मिला। हालांकि, उनके माता-पिता पहले इस बारे में खुश नहीं थे, लेकिन शेफाली ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी। इसके बाद, कांटा लगा गाने ने उनकी जिंदगी बदल दी। इस गाने ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई और वे 'कांटा लगा गर्ल' के नाम से मशहूर हो गईं।
रियलिटी शोज और टीवी की दुनिया में कदम
कांटा लगा गाने के बाद, शेफाली को कई रियलिटी शोज में भी नजर आने का मौका मिला। इसके अलावा, उन्होंने कुछ फिल्मों में भी अभिनय किया, लेकिन उन्हें सिंगल गाने ने सबसे ज्यादा पहचान दिलाई।
पुलिस जांच में जुटी
शेफाली के निधन की असल वजह जानने के लिए मुंबई पुलिस उनके घर पहुंची है। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है और उनके कमरे की फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है। फिलहाल, शेफाली का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि असल कारणों का पता चल सके।