


देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती देशभर में मनाई जा रही है। 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर प्रदेश स्तरीय आयोजन राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में हो रह है, जिसमें प्रदेश की दो लाख से अधिक महिलाएं शामिल हो रही हैं। आयोजन का नाम महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन रखा गया है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करने 31 मई को सुबह 11 बजे भोपाल पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुरक्षा भी चाकचौबंद है।
भारतीय जनता पार्टी राजमाता से लोकमाता बनीं देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती देशभर में मनाकर महिलाओं को पार्टी से जोड़ने की बड़ी रणनीति पर कार्य कर ही है। देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को लेकर भोपाल को पूरी तरह से सजाया जा रहा है। भोपाल एयरपोर्ट से शहर को जाने वाले मार्ग से लेकर भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड क्षेत्र की कॉलोनियों और आयोजन स्थल जंबूरी मैदान को जाने वाले सभी रास्तों के किनारे की बाउंड्रवॉल को देवी अहिल्याबाई होल्कर के चित्रों, उनके द्वारा कराए गए मंदिरों के जीर्णोंद्वार, नदियों व तालाबों में बनवाए गए घाटों सहित अन्य कार्यों को लेकर चित्र बनाकर पूरे भोपाल को सजाया जा रहा है।