


किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर दो दिवसीय आयोजन सोमवार से शुरू हुआ। सोमवार की शाम जहां ये शाम मस्तानी संगीत संध्या के नाम रही जिसमें स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुति दी। वहीं आज मंगलवार को गीतकार प्रसून जोशी को राष्ट्रीय किशोर अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे। मध्य प्रदेश सरकार का ये प्रतिष्ठित सम्मान प्रसून जोशी को मंत्री विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के हाथों से दिया जाएगा।
कौन देता है राष्ट्रीय किशोर कुमार पुरस्कार
राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कल्याण विभाग/संस्कृति विभाग के अंतर्गत स्थापित किया गया है। इसे 1997-98 में शुरू किया गया। इसका उद्देश्य बहुमुखी प्रतिभा के धनी (गायक, अभिनेता, गीतकार, निर्देशक) और मस्त मौला कहे जाने वाले किशोर कुमार को याद रखना और उन कलाकारों को सम्मानित करना जिन्होंने हिंदी सिनेमा, गीत लेखन, निर्देशन या संवाद/पटकथा लेखन जैसे क्षेत्रों महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
पहली बार किसे मिला था किशोर कुमार सम्मान
1997-98 में शुरू किए गए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान पुरस्कार से ह्रिकेश मुखर्जी को सम्मानित किया गया था। इस पुरस्कार के तहत उन्हें 2 लाख रुपए की राशि और एक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था।