


राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में 11वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस आज 7 अगस्त को भारत मण्डपम्, नई दिल्ली में मनाया जाएगा। श्रीमती मुर्मु द्वारा इस अवसर पुरस्कार सूची और कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा। इस उत्सव का उद्देश्य भारत की हथकरघा विरासत की समृद्धि, लचीलापन और प्रासंगिकता को प्रदर्शित करना है। इसके साथ ही हमारे बुनकरों की प्रतिभा और शिल्प कौशल को मान्यता प्रदान करना है।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह, विदेश एवं वस्त्र राज्यमंत्री श्री पबित्र मार्गेरिटा, सचिव (वस्त्र) श्रीमती नीलम शमी राव और विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना भी इस समारोह में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर देश भर से लगभग 650 बुनकर इस समारोह में भाग लेंगे। इनके अलावा, विदेशी खरीदार, प्रतिष्ठित व्यक्ति, निर्यातक, वरिष्ठ शासकीय अधिकारी भी समारोह में शामिल होंगे। उत्कृष्ट बुनकरों को 5 संत कबीर पुरस्कार और 19 राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।