


पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने पहली बार ड्रेस कोड निर्धारित किया है। इस सबंध में भोपाल भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यति ने बताया कि मंच के सामने शुरुआती पंक्ति में 30 हजार महिलाएं सिंदूरी साड़ी में रहेंगी। अन्य जिलों से आने वाली महिलाएं अपने क्षेत्र की पारंपरिक वेशभूषा में रहेंगी।
धन्यवाद प्रस्ताव पारित
शुक्रवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारत के दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने को लेकर पीएम मोदी के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मुयमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
विरासत को संजोकर विकास की ओर बढ़ रहे
सीएम ने महिलाओं को रानी दुर्गावती, लोकमाता देवी अहिल्या बाई और रानी लक्ष्मी बाई के बारे में बताते हुए कहा कि हमारी मातृशक्ति ने न केवल शासन चलाया, बल्कि स्वर्णिम उदाहरण भी दिए। लोकमाता अहिल्या बाई ने तो शासन व्यवस्था की नई इबारत लिखी थी। कुछ कर गुजरने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य होना चाहिए, यह हमें देवी अहिल्या बाई ने सिखाया। हम विरासत को संजोकर विकास की ओर बढ़ रहे हैं। हमारी गौरवशाली विरासत का वह स्वर्णिम अध्याय अब भी प्रत्यक्षत: सामने आना ही चाहिए, इसलिए महिलाएं आगे आएं। अपनी दक्षता, कौशल्य से विकास के नए क्षितिज की ओर बढ़ें।