


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने नेता प्रतिपक्ष पद का मान घटा दिया है। इस बात पर शर्म आती है। उनकी मानसिकता से देश को खतरा है। राहुल अपनी हार की खीझ सुप्रीम कोर्ट, सेना और चुनाव आयोग का अपमान कर निकाल रहे हैं। देश की सबसे बड़ी पार्टी रही कांग्रेस अपने कुकर्मों की वजह से पूरे देश से साफ होती जा रही है। जनता राहुल और कांग्रेस को माफ नहीं करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने घटा दिया पद का मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी ने दिखाया कि विपक्ष का नेता कैसा होना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र में विपक्ष का कद बढ़ाया। लेकिन, बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि आज वर्तमान के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और स्व. वाजपेयी की तुलना करने में शर्म आती है। पता नहीं कांग्रेस को क्या हो जाता है। राहुल गांधी अपने कर्मों के कारण चुनाव हारते हैं। सरकार वो नहीं चला पाते, तो खीझ मिटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, सेना का अपमान करते हैं। पता नहीं आखिर राहुल गांधी क्या चाहते हैं। जिन बातों से लोकतंत्र गौरवांवित होता है, वो सब पर प्रश्न उठाते हैं। उनको जनता माफ नहीं करेगी। कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी थी, लेकिन कुकर्मों के कारण, व्यवहार के कारण धीरे-धीरे ये साफ होती जा रही है। उसके बावजूद राहुल गांधी हैं कि मानते ही नहीं। वो अभी भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं। उनकी मानसिकता से देश को खतरा है।