


कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में एक प्रस्ताव पारित किया गया है। सरदार वल्लभ भाई पटेल पर सात सूत्रीय प्रस्ताव पास हुआ है। जिसमें सरदार पटेल के दिखाए हुए मार्ग पर चलने की बात कही गई है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने वल्लभभाई पटेल के साथ न्याय नहीं किया। कांग्रेस का न्यायपथ सोनिया गांधी परिवार के लिए है।
दो दिवसीय अधिवेशन
गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन चल रहा है। पहले दिन मंगलवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों पर गहन चर्चा हुई और उनसे जुड़ा प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस न्यायपथ अभियान चलाएगी। पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है। लिखा कि, अहमदाबाद में हुई विस्तारित CWC की बैठक में सरदार वल्लभभाई पटेल जी के विचारों पर गहन चर्चा हुई और उनसे जुड़ा प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में तय हुआ कि सरदार पटेल जी की राह पर चलकर कांग्रेस…
- किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष को तैयार है।
- ‘नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो’ की डगर पर बढ़ने को तैयार है।
- संविधान सम्मत मौलिक अधिकारों, देश के मेहनतकश मजदूरों और कामगारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने को तैयार है।
- संसाधनों के न्यायपूर्ण वितरण के लिए नए संघर्ष को तैयार है।
- सांप्रदायिकता के उन्माद को रोकने के लिए संघर्ष को तैयार है।
- वैमनस्य और विभाजन को हराने की लड़ाई के लिए तैयार है।
- कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत के प्रजातंत्र और संविधान की आजादी की इस लड़ाई को धारदार बनाने के लिए ‘न्यायपथ’ पर चलने के लिए संकल्पबद्ध हैं।