आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता शुक्रवार को शादी के बंधन में बंध गईं। शादी में परिवार के करीबी लोगों को ही आमंत्रित किया गया था। वहीं इस शादी में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने शिरकत की।
हर्षिता की शादी संभव जैन के साथ संपन्न हुई
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल की बेटी हर्षिता की शादी संभव जैन के साथ संपन्न हुई। बता दें कि, दोनों की सगाई इसी 17 अप्रैल को दिल्ली के शांगरी-ला होटल में हुई थी। मिली जानकारी के मुताबिक 20 अप्रैल को हर्षिता और संभव जैन का रिसेप्शन होगा। इस कार्यक्रम में कई खास मेहमान शामिल हो सकते हैं। रिसेप्शन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
कौन हैं संभव जैन?
आपको बता दें कि, संभव जैन ने आईआईटी से इंजीनियरिंग की है। वे हर्षिता के साथ ही आईआईटी दिल्ली में पढ़ते थे। दोनों की पहली मुलाकात आईआईटी कैंपस में हुई थी। हर्षिता ने भी आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली है। संभव जैन एक प्राइवेट कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा संभव और हर्षिता ने हाल ही में साथ मिलकर एक स्टार्टअप भी शुरू किया है।