


मानसूनी काले बादल अब पूरे प्रदेश में एक्टिव हो चुके हैं। ज्यादातर स्थानों पर झमाझम बारिश का दौर जारी है। मानसून आगमन के बाद बुधवार सुबहभोपाल में पहली झमाझम बारिश दर्ज की गई। सुबह ढाई घंटे में तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई। गुना में भी सुबह 8.30 बजे तक पांच इंच बारिश हुई। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं।
इस बार मानसून आगमन के साथ ही प्रदेश में बारिश का क्रम चल रहा है। मानसूनी सीजन में एक जून से अब तक 222.4 मिमी बारिश प्रदेश में हो चुकी है। यह सामान्य के मुकाबले 51% ज्यादा है। तीन-चार दिन तक बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना है। 3 जुलाई को प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 4 से 6 जुलाई के बीच बारिश में और तेजी आ सकती है। इससे प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का भी खतरा है।
अभी सिस्टम एक्टिव, जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अभी मानसूनी सिस्टम एक्टिव है। इस समय दक्षिणी झारखंड की ओर ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। मानसून ट्रफ बीकानेर, वनस्थली, शिवपुरी, सीधी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक ट्रफ दक्षिण पूर्वराजस्थान से मध्य मध्यप्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक है। इस कारण प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश का दौर चल रहा है। यह अगले तीन-चार दिन तक जारी रहेगा। 4 से 6 जुलाई के बीच बारिश में और तेजी आ सकती है।
आज यहां अलर्ट
कटनी, पन्ना, दमोह, मैहर, गुना, शिवपुरी, भिंड, श्योपुर, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपूर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़ सहित 10 से ज्यादा स्थानों पर भी बारिश की संभावना जताई है।