


मध्य प्रदेश के खरगोन पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कांग्रेस से निष्कासित नेता लक्ष्मण सिंह पर तीखा निशाना साधा है। राज्य के पूर्व मंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री पद को लेकर दिए गए बयान पर लक्ष्मण सिंह को घेरा। सज्जन सिह वर्मा ने कहा कि, लक्ष्मण सिंह इतने महत्वपूर्ण नहीं हैं कि उनके कहने से कोई प्रधानमंत्री बनेगा।
कांग्रेस में जो स्लीपर सेल थे वो बाहर आ गए
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि, लक्ष्मण सिंह तो वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नजदीक जाने का रास्ता ढूंढ रहे थे। पहले भी ऐसा ही कर चुके हैं। पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि, कांग्रेस में स्लीपर सेल के राहुल गांधी के बयान के बाद देश में मध्यप्रदेश ने सबसे पहले स्लीपर सेल को बाहर कर उदाहरण पेश किया है।
बीजेपी अपना संगठन अपनी जेब में रखे
एमपी में कांग्रेस के चल रहे संगठन सृजन अभियान पर बीजेपी नेताओं के लगातार बयानबाजी पर भी सज्जन सिंह वर्मा ने तंज करते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी अपना संगठन अपनी जेब में रखे। हम हमारा काम कर रहे हैं। इसके साथ ही सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि खरगोन के भगवानपुरा में संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकताओं और पदाधिकारियों की बैठक ली। उनसे मुलाकात कर कई मुद्दों पर बातचीत की।