


लोकमाता अहिल्या के 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी सरकार की कैबिनेट मीटिंग मंगलवार को इंदौर में करने जा रहे हैं, जिसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री सहित अधिकतर सदस्य आज सोमवार 19 मई को इंदौर पहुंच जाएंगे। सभी शाम को मां अहिल्या के जीवन पर आधारित नाट्य देखेंगे और रात को सराफा चौपाटी पर मालवा के लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे।
80 साल बाद राजबाड़ा में फिर लोकतंत्र दरबार
राजबाड़ा परिसर वर्षों बाद एक बार फिर होलकर राज दरबार की तरह सजकर तैयार है, जहां मंगलवार को मोहन सरकार की कैबिनेट मीटिंग होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने मंत्रिमंडल के साथ गणेश हाल में प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेंगे। यह अवसर खास है क्योंकि करीब 80 साल पहले इसी राजबाड़ा में आखिरी बार होलकर वंश का दरबार सजा था।
राजबाड़ा व गोपाल मंदिर के बीच लगेगी चौपाटी
बैठक में शामिल होने सोमवार शाम सीएम और उनकी कैबिनेट के करीब 31 सदस्य इंदौर पहुंच जाएंगे। शाम 6 बजे राजबाड़ा पर भाजपा की प्रदर्शनी की लोकार्पण होगा, जो विकास पर आधारित होगी। शाम 7 बजे राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम हॉल में अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नाट्य का मंचन होगा, जिसमें सभी शामिल होंगे। रात 9.30 बजे राजबाड़ा व गोपाल मंदिर के बीच में सराफा चौपाटी लगेगी, जिसमें परंपरागत व्यंजनों को रखा जाएगा।
नजर आएगी मालवा की गौरवशाली परंपरा
कैबिनेट मीटिंग में शामिल होने वालों का स्वागत मालवी अंदाज में होगा। तिलक लगाकर पगड़ी पहनाई जाएगी। बैठक के बाद भोजन में भी मालवी व्यंजन होंगे। दाल-बाटी, लड्डू, चूरमा, दही बड़ा, केसर श्रीखंड और मैंगो रबड़ी रहेगी।
राजबाड़ा बनेगा सचिवालय
राजबाड़ा परिसर में अस्थायी सचिवालय बनाया जाएगा, जहां से सभी प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन होगा। मौके पर विशेष पुलिस दल तैनात रहेगा। इधर, कलेक्टर आशीष सिंह ने मंत्री व अधिकारियों के समन्वय के लिए 150 से अधिक लाइजनिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, जिनकी सुबह बैठक ली गई। सभी को अपने-अपने काम से अवगत करा दिया कर साफ कहा है कि दूसरी जगह की आपको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इधर, ट्रैफिक पुलिस को भी चाक-चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए।