जबलपुर में हेड क्वार्टर एमबी एरिया के गोल्फ कोर्स में ‘भारत गोल्फ महोत्सव’ टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा ने शॉट लगाकर इसकी शुरुआत की। गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के इस आयोजन में 100 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।
स्थानीय युवाओं को भी इसमें जोड़ा जा रहा है। पहले दिन जनरल अफसर कमांडिंग, मध्य भारत एरिया के जनरल अफसर कमांडिंग लेफ्टीनेंट जनरल पीएस शेखावत ने भी शॉट लगाए। पहली बार जबलपुर में यह आयोजन हो रहा है।
ये है आयोजन का उद्देश्य
फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्क्रीन की दुनिया से बाहर निकालकर मैदान में लाना है। एमपी भी गोल्फ की दुनिया में नाम करे, इसीलिए जबलपुर में इसकी शुरुआत की गई है। प्रयास है कि बच्चों की दुनिया मोबाइल तक सिमटकर नहीं रह जाए। उन्हें फिजिकल एक्टीविटी करनी चाहिए।
100 से अधिक स्थानों पर हो रहा उत्सव
भारत गोल्फ महोत्सव पूरे देश में 100 स्थानों पर हो रहा है। जनरल अफसर कमांडिंग लेफ्टीनेंट जनरल शेखावत ने बताया कि कार्यक्रम इस इरादे से किया जा रहा है कि इस खेल में नया टैलेंट मिले। इसमें जबलपुर के स्कूल के बच्चों को शामिल किया गया है। प्रतिभावान बच्चों को मौका देंगे।