


वॉशिंगटन, रेअर अर्थ जैसे महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर दुनिया में दादागिरी दिखा रहे चीन को अब करारा जवाब मिलने जा रहा है। महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने और आपूर्ति शृंखलाओं को विविध बनाने के उद्देश्य से चार देशों के समूह ‘क्वाड’ ने मंगलवार को एक नई पहल ‘क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स इनिशिएटिव’ की शुरुआत की है। यह कदम आर्थिक सुरक्षा को मज़बूती देने की दिशा में एक व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जो चीन द्वारा कथित तौर पर इस क्षेत्र में मूल्य हेरफेर समेत अन्य दबावयुक्त रणनीतियों की चिंताओं के मद्देनज़र उठाया गया है। यह निर्णय अमेरिका की राजधानी में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद लिया गया।
बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया शामिल हुए। बैठक के बाद जारी एक बयान में कहा गया, ‘यह नई प्रमुख पहल, क्वाड साझेदारी का एक महत्वाकांक्षी विस्तार है जो आर्थिक सुरक्षा और सामूहिक लचीलापन मज़बूत करने के लिए महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति शृंखलाओं की सुरक्षा और विविधता लाने पर केंद्रित है।’ विदेश मंत्रियों ने अपने संयुक्त बयान में प्रमुख आपूर्ति शृंखलाओं, विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति में ‘अचानक आई बाधाओं और भविष्य में इसकी विश्वसनीयता’ को लेकर ‘गंभीर चिंता’ जताई।