


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में होना है। इस चुनाव को लेकर सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि, 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी और कांग्रेस साथ मिलकर लड़ेगी। आपको बता दें कि, बीते दिनों कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा था कि, यूपी के कांग्रेस को किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है और विधानसभा चुनाव में 80-17 वाला फॉर्मूला नहीं चलेगा।
दरअसल समाजवादी पार्टी की अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारियों की लखनऊ में पार्टी ऑफिस में मीटिंग थी। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि, 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन जारी रहेगा। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश ने सभी नेता कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ पर वोटर लिस्ट की जांच करने को भी कहा।
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव 2017 में कांग्रेस से गठबंधन कर चुके हैं। इस चुनाव में समाजवादी को 47 और कांग्रेस को सिर्फ सात सीट मिलीं थीं और यूपी में बीजेपी की सरकार बन गई थी। 2017 के चुनाव में NDA को 324 सीटें मिली थीं लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को यूपी में बड़ी कामयाबी मिली और समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने छह सीट जीत लीं।