महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने निर्वाचन आयोग पर टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है। फडणवीस ने कहा कि, लगातार चुनाव में हार ने गांधी पर मानसिक रूप से असर डाला है। इस तरह की टिप्पणियों को ‘बचकाना' बताते हुए सीएम ने कहा कि, मैं गांधी को सलाह दूंगा कि वह विदेश यात्रा करने और देश को बदनाम करने के बजाय लोगों के बीच जाकर काम करें। इससे (इस तरह के बयानों से) उन्हें वोट नहीं मिलेंगे। चुनावों में लगातार हार ने गांधी को मानसिक रूप से परेशान कर दिया है।
निर्वाचन आयोग की सरकार के साथ मिलीभगत है
आपको बता दें कि, कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को अमेरिका में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दावा किया कि, सरल शब्दों में कहें तो महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राज्य में वयस्कों की संख्या से ज्यादा लोगों ने मतदान किया। गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन की जीत पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की (सरकार के साथ) ‘‘मिलीभगत'' है।
...लेकिन ऐसा नहीं हुआ
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, निर्वाचन आयोग ने हमें शाम साढ़े पांच बजे तक के मतदान के आंकड़े दिए और शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े सात बजे तक 65 लाख मतदाताओं ने मतदान कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, इतने समय में इतने अधिक लोगों का मतदान केंद्र तक पहुंच कर वोट डालना संभव नहीं है। कांग्रेस सांसद का कहना था कि, एक मतदाता को मतदान करने में लगभग 3 मिनट लगते हैं और अगर हिसाब लगाएं तो इसका मतलब है कि, मतदाताओं की कतारें देर रात 2 बजे तक लगी रही होंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
स्पष्ट है कि प्रणाली में कुछ गड़बड़ है
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यहां अपने इस बयान में आगे कहा कि, जब हमने उनसे वीडियोग्राफी के लिए कहा, तो उन्होंने न केवल इनकार कर दिया, बल्कि उन्होंने कानून भी बदल दिया ताकि अब हमें वीडियोग्राफी के लिए कहने की अनुमति न मिले। देश की सबसे पुरानी पार्टी के दिग्गज नेता राहुल गांधी ने कहा कि, यह हमारे लिए बिल्कुल स्पष्ट है कि निर्वाचन आयोग की (सरकार से) मिलीभगत है और यह भी स्पष्ट है कि प्रणाली में कुछ गड़बड़ है।