


दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित करने लगा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि यह सिस्टम पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
24 अक्टूबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 24 अक्टूबर से मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियों में इजाफा होगा। आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अगले दो दिनों में फिर से बादल छाने और वर्षा होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी मिल रही है, जिसके कारण प्रदेश में वातावरण उमस भरा बना रहेगा। इसके साथ ही तापमान में मामूली गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के कुछ अन्य हिस्सों — जगदलपुर, मानपुर, छोटेडोंगर, बस्तर और लोहांडीगुड़ा — में 1-1 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। बारिश से किसानों को रबी फसलों की बुआई में आवश्यक नमी मिलने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में भी बारिश के संकेत
राजधानी रायपुर में आज आसमान मेघाच्छादित रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी बनी रहती है, तो अगले 48 घंटों में रायपुर सहित आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।