


दिल्ली में यमुना नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में पानी घुस गया है। उफनती यमुना के कारण कई वाहन डूब गए हैं और इमारतें जलमग्न हो गई हैं। वर्तमान में यमुना का जलस्तर 207.47 मीटर तक पहुंच चुका है, जो 208 मीटर के करीब है।
यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा
हथिनीकुंड बैराज से बुधवार सुबह से रात तक छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंच चुका है, जिससे जलस्तर कम होने की संभावना कम लग रही है। देर रात यमुना का जलस्तर 207.40 मीटर तक पहुंच गया था। केंद्रीय जल आयोग ने चेतावनी दी है कि जलस्तर 208 मीटर तक पहुंच सकता है। अगर ऐसा होता है, तो 2023 की बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है, जिसमें आउटर रिंग रोड और कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक पानी फैल सकता है।
जलस्तर के इस स्तर पर दिल्ली में आवागमन बाधित हो सकता है और जनजीवन पर भारी असर पड़ने की आशंका है। शहर के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा गहराया है, जिससे बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।
मयूर विहार-फेज 1 के पास बनाए गए राहत शिविरों में भी पानी भर गया है। वहीं, सिविल लाइंस इलाके में यमुना के उफान से बेला रोड पर वाहन डूब गए और कई इमारतें जलमग्न हो गई हैं।
निचले इलाकों के लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए
बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए यमुना के किनारे बसे निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। लोहा पुल और आस-पास के क्षेत्रों में बारिश और बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।