बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बीते सोमवार उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत स्थिर न रहने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था।
देओल परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र की बेटियों को विदेश से मुंबई बुला लिया गया था। बीती रात सनी देओल अस्पताल के बाहर भावुक नजर आए, जबकि बॉबी देओल भी अपनी फिल्म अल्फा की शूटिंग बीच में छोड़कर मुंबई लौट आए। सोमवार देर रात शाहरुख खान, सलमान खान सहित कई बॉलीवुड सेलेब्स ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल पहुंचे और परिवार से मुलाकात की।
31 अक्टूबर को भी हुए थे अस्पताल में भर्ती
इससे पहले भी धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को सांस लेने में दिक्कत होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। धर्मेंद्र की इस साल की शुरुआत में कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई थी। उनकी बाईं आंख की पारदर्शी परत (कॉर्निया) डैमेज हो गई थी, जिसके बाद केराटोप्लास्टी प्रक्रिया के तहत सर्जरी की गई थी।
साल 2015 से 2020 के बीच भी उन्हें कई बार पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी की शिकायत हुई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।
धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। वे अगले महीने 8 दिसंबर 2025 को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे।