इंदौर में इस साल अक्टूबर के आख़िरी सप्ताह तक भी सर्दी ने दस्तक नहीं दी है। लगातार हो रही हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण मौसम में ठंडक महसूस नहीं हो रही। दिन के समय सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी का सिलसिला जारी है, जबकि रात में बादलों की वजह से उमस और हल्की गर्मी बनी हुई है। हालात यह हैं कि लोग अब भी घरों में एसी, कूलर और पंखे चला रहे हैं।
अगले सप्ताह का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सप्ताह में इंदौर में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी। सप्ताह के बीच में कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहने का अनुमान है।
इस समय पूर्व-मध्य अरब सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में अवदाब क्षेत्र सक्रिय हैं। इनके चलते इंदौर सहित मध्य प्रदेश के कई इलाकों में दोनों दिशाओं से नमी पहुंच रही है। साथ ही 27 अक्टूबर की रात से पश्चिमी हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से 26 से 28 अक्टूबर के बीच इंदौर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
26 अक्टूबर: अधिकतम तापमान 31°C, न्यूनतम 22°C
27-28 अक्टूबर: अधिकतम तापमान 30°C, न्यूनतम 21°C
29 अक्टूबर: न्यूनतम तापमान घटकर 20°C तक पहुंच सकता है
30 अक्टूबर से 1 नवंबर: अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 19°C के आसपास रहने की संभावना है