


पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में हुए विनाशकारी भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। आपदा प्रबंधन कर्मियों ने बचाव अभियान जारी रखा क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं और सैंकड़ों पर्यटक पहाड़ी इलाकों में फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने मीडिया से कहा, "स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। हमें अभी तक की रिपोर्ट मिली है कि 28 लोगों की मौत हो चुकी है। रात भर में कुछ और शव निकाले गए हैं। ये मौतें दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी दोनों जिलों में हुई हैं। लगातार हो रही बारिश से बचाव अभियान में बाधा आ रही है।"
उत्तर बंगाल के सबसे बड़े शहर सिलीगुड़ी रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए इस बाढ़ और उससे हुई तबाही को "मानव निर्मित" करार दिया। उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवारों के एक सदस्य को होम गार्ड की नौकरी देने की भी घोषणा की।