उत्तर से आ रही हवाओं के कारण मध्यप्रदेश के मौसम का मिजाज बदलने लगा है। इसका असर प्रदेश के तापमान पर साफ नजर आने लगा है। मौसम शुष्क रहने के चलते गुरुवार को प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में दिन और रात के तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, पूर्वी मध्यप्रदेश के इलाकों में अभी भी हल्की उमस और गर्माहट का असर बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूर्वी इलाकों में भी तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की कमी की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती घेरे और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहा, लेकिन सुबह के समय कई इलाकों में धुंध का असर भी देखा गया।
ग्वालियर में सुबह साढ़े छह से साढ़े आठ बजे के बीच दृश्यता केवल डेढ़ किलोमीटर रही। प्रदेश में आगामी 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन पूर्वी इलाकों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।