


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में कुल 18,541 करोड़ रुपए की बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इसमें सेमीकंडक्टर निर्माण, लखनऊ मेट्रो फेज-1बी और हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट शामिल हैं।
4 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट को स्वीकृति
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले से 6 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट स्वीकृत हैं और अब 4 नए प्रोजेक्ट को भी हरी झंडी दी गई है।
इनमें ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पंजाब में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाए जाएंगे। इन पर कुल 4,594 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य है कि भारत सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का ग्लोबल हब बने।
लखनऊ मेट्रो फेज-1बी को मिली मंजूरी
कैबिनेट ने लखनऊ मेट्रो फेज-1बी परियोजना को भी मंजूरी दी है। यह परियोजना 11.165 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें 12 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
इसके लिए कुल 5,801 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि लखनऊ जैसे तेजी से बढ़ते शहर को मेट्रो नेटवर्क की आवश्यकता है, जो अब पूरी होने जा रही है।
टाटो II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट को मंजूरी
भारत की स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में 700 मेगावाट क्षमता वाले टाटो II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है।
इस परियोजना पर कुल 8,146 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।