


वर्तमान में मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अब प्रदेश में बादलों का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा, शहडोल और जबलपुर संभागों के जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है।
कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा का अनुमान
प्रदेश के शेष क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मलाजखंड में 5 मिमी, जबलपुर में 3 मिमी, रतलाम में 2 मिमी, जबकि पचमढ़ी, टीकमगढ़ और उमरिया में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इन 17 जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने आज जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई है, वे हैं:जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरी गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक अवदाब (लो प्रेशर एरिया) का क्षेत्र बना हुआ है। आने वाले दो दिनों में इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।
इसके अलावा, मानसून द्रोणिका गुजरात में बने इस अवदाब क्षेत्र से होकर श्योपुर, गुना, दमोह, माना, गोपालपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।मौसम विभाग का मानना है कि धीरे-धीरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां कमजोर होंगी और आसमान साफ होने लगेगा।