


उत्तर प्रदेश सरकार एक बार फिर बड़े पैमाने पर सिपाहियों की भर्ती करने जा रही है। इस भर्ती को लेकर प्रदेश सरकार जल्द ही नोटिफिकेशन जारी करेगी। प्रदेश में करीब 24 हजार पद अभी खाली हैं। प्रदेश के हजारों युवा पुलिस भर्ती को लेकर उत्साहित थे, ऐसे में यूपी पुलिस में भर्ती की यह खबर युवाओं के लिए खुशखबरी साबित होगी।
सिपाहियों के 24,000 पद खाली
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सिपाहियों के लगभग 24,000 पद खाली हैं। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले दारोगा के पदों पर भर्ती होगी, उसके बाद सिपाहियों के पद भरे जाएंगे। डीजीपी मुख्यालय ने इस संबंध में प्रस्ताव भर्ती बोर्ड को भेज दिया है।
दारोगा के 4,543 पदों के लिए भर्ती निकाली जाएगी
जानकारी के मुताबिक, इस भर्ती प्रक्रिया में पहले दारोगा के 4,543 पदों पर भर्ती की जाएगी और फिर सिपाही के पदों पर भर्ती होगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड जल्द ही 4,543 पदों पर सब इंस्पेक्टर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके साथ ही परीक्षा और अन्य आवश्यक जानकारी नोटिफिकेशन में दी जाएगी। डीजीपी मुख्यालय ने भर्ती बोर्ड को 19,220 सिपाही और 4,543 दारोगा पदों पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव भेजे हैं।
नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा
पहले यह घोषणा की गई थी कि अप्रैल के तीसरे सप्ताह में भर्ती की विज्ञप्ति जारी होगी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। साथ ही, प्रदेश सरकार ने दारोगा भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट देने का भी प्रस्ताव रखा है, जिससे वे अभ्यर्थी जो पिछली भर्तियों में आयु सीमा पार कर चुके थे, इसका लाभ उठा सकेंगे।