मध्यप्रदेश में चक्रवाती तूफान मोथा अपना असर दिखा रहा है। एक साथ कई सिस्टम सक्रिय होने के कारण एमपी में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके चलते मौसम और सर्द हो गया। दिन में लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए। प्रदेश के कई जिलों का अधिकतम तापमान 23 डिग्री पर पहुंच गया है, जो सामान्य से 7.6 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला का कहना है कि मौसम में यह बदलाव चक्रवाती तूफान मोथा का असर है, जो कमजोर होकर लो प्रेशर बन गया है और पूर्वी मप्र की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर समेत 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
छह साल बाद तीसरी बार इतना सर्द दिन
मौसम के बदले मिजाज ने फिजा में ठंडक घोल दी है। गुरुवार को बादलों के साथ दिन में उत्तर पूर्वी और उत्तरी हवा चली। सुबह हवा की अधिकतम रफ्तार 18 किमी प्रतिघंटे तक रही। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया। इस माह में यह तीसरी बार है अधिकतम 25 डिग्री से नीचे रहा है। इसके पहले 27 अक्टूबर 2019 को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री पर पहुंचा था।