


पूरे देश में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम रही। भारत ने योग दिवस पर विशेष उपलब्धि हासिल की। गुजरात और आंध्र प्रदेश ने योग में रिकॉर्ड कायम करते हुए गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराया। प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात और गृह नगर वडनगर ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यहां दो हजार लोगों ने दो मिनट नौ सेकेंड तक भुजंगासन करके यह उपलब्धि हासिल की। वहीं आंध्र प्रदेश ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए। यहां तीन लाख लोगों ने एक साथ योग करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वहीं 2,000 आदिवासी छात्रों ने एक साथ 108 मिनट में 108 सूर्य नमस्कार करके बड़ी उपलब्धि हासिल की।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक रिचर्ड स्टनिंग ने बताया कि योग में कोबरा मुद्रा (भुजंगासन) करने वाले सबसे अधिक लोगों का रिकॉर्ड शनिवार को बना। हमने रिकॉर्ड के लिए प्रतिभागियों की न्यूनतम संख्या 250 तय की थी। उन्हें कम से कम एक मिनट के लिए कोबरा मुद्रा में योग करना था। करीब 2184 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया और दो मिनट और नौ सेकेंड तक 2121 प्रतिभागियों ने योग किया। उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ा। इसमें शामिल सभी लोगों को बधाई, और यह एक शानदार उपलब्धि है।