


यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित लेवाना होटल में सोमवार सुबह भयानक आग लग गई। होटल में सुबह करीब 7.30 बजे कमरों में धुआं भरने लगा। ये होटल लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित है। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि होटल के कमरों में कई लोग फंसे हुए हैं। फंसे हुए लोगों को खिड़कियों को तोड़कर बाहर निकाला जा रहा है।
होटल के पास में ही हजरतगंज मेट्रो स्टेशन भी है
बताया जाता है कि लेवाना होटल लखनऊ के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज में है। ये होटल लखनऊ रेलवे स्टेशन से केवल 10 मिनट की दूरी पर है। होटल के पास में ही हजरतगंज मेट्रो स्टेशन भी है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि आग बहुत भयानक है। वहीं होटल के भीतर बहुत लोग हैं। लोगों को इमरजेंसी एग्जिट तोड़कर बाहर निकाला जा रहा है।
होटल की खिड़कियों को तोड़ा जा रहा
लोगों को निकालने के लिए होटल की खिड़कियों को तोड़ा जा रहा है। वहीं झुलसे हुए लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए 4 एंबुलेंस बुलाई गई है। बताया जा रहा है कि होटल में आग के धुंआ से दम घुटने के कारण कई लोग बेहोश हो गए हैं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद है। वहीं लखनऊ के डीएम ने इस पर कहा कि अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फंसे हुए लोगों को निकाला जा रहा है। हालांकि अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चला है, जांच के बाद ही कारणों का पता चलेगा।
ये भी पढे़- विपक्ष को एकजुट करने के लिए आज से 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगे बिहार के सीएम नीतीश कुमार