


संस्कारधानी के लोगों का पांच साल का इंतजार खत्म होगा। प्रदेश का सबसे लंबा (6.85 किमी) मदन महल-दमोहनाका फ्लाईओवर 23 अगस्त से गति पकड़ेगा। इसके लोकार्पण करने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आएंगे। नए फ्लाईओवर से दमोहनाका और मदनमहल के क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। शहर के इस प्रमुख क्षेत्र दशमेश द्वार, रानीताल और दमोहनाका बार-बार लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
कई मामलों में अनोखा
यह फ्लाईओवर कई मायनों में अनोखा है। एक तो प्रदेशभर का सबसे लम्बा फ्लाईओवर है। इस पर मदन महल स्टेशन के ऊपर बना केबिल स्टे ब्रिज रेलवे लाइन पर बना सबसे लम्बा केबिल स्टे ब्रिज है। इसकी लम्बाई 385.5 मीटर है। इस केबिल स्टे ब्रिज को देखने के लिए भी लोगों में कौतूहल है।
2020 में शुरू हुआ था निर्माण
इसका निर्माण जनवरी 2020 से शुरू हुआ था। पूर्व में इसके एक हिस्से में यातायात शुरू हो चुका है। अभी लोग एलआईसी छोर से महानद्दा के रैम्प का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस दौरान मदनमहल चौराहा के ऊपर एक आकर्षक रोटरी भी पड़ती है। इसी जगह से एक लेन मदन महल रेलवे स्टेशन के ऊपर से रानीताल, बल्देवबाग होते हुए दमोहनाका पहुंचेगी। बीच में रैम्प हैं जिनसे शहर के भीतर पहुंचना आसान होगा।