


वेनेजुएला की प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरीना माचादो को वर्ष 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया गया है। नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने शुक्रवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि माचादो को यह सम्मान “वेनेजुएला के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए उनके अथक संघर्ष और तानाशाही से शांतिपूर्ण एवं न्यायपूर्ण संक्रमण की दिशा में उनके प्रयासों” के लिए दिया गया है।
नोबेल समिति ने कहा कि माचादो का नेतृत्व उस दौर में उम्मीद की किरण बना, जब वेनेजुएला में राजनीतिक अस्थिरता और मानवाधिकार हनन चरम पर था। उन्होंने हिंसा और दमन के खिलाफ अहिंसक आंदोलन को मजबूत किया और महिलाओं को राजनीति में सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस वर्ष समिति ने वैश्विक राजनीतिक माहौल के बीच वेनेजुएला जैसे देश पर ध्यान केंद्रित किया है, जहां लोकतंत्र बहाल करने की मांग लगातार उठ रहीहै। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के महीनों में कई बार दावा किया था कि वे स्वयं नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं, लेकिन विशेषज्ञों ने पहले ही कहा था कि ट्रंप को यह पुरस्कार मिलने की संभावना नहीं है, क्योंकि उनके कदम अंतरराष्ट्रीय सहयोग की भावना के विपरीत हैं।