केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जम्मू में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के दूसरे दिन आयोजित किसान अभियान में हिस्सा लेंगे। चौहान के साथ इस अभियान में केंद्रीय विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी शामिल होंगे। यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने दी है, ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा राज्य सरकारों के सहयोग से 29 मई से 12 जून तक 700 से अधिक जिलों में किया जा रहा है, जिससे खरीफ मौसम से पहले किसानों को लाभ प्राप्त हो सके। अभियान के दौरान, वैज्ञानिक टीमें किसानों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए गांवों का दौरा करेंगी।
इस सम्मेलन में सभी 731 कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सभी 113 आईसीएआर संस्थान, कृषि, बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालन के राज्य स्तरीर विभागों के अधिकारियों सहित प्रगतिशील किसानों और अन्य कृषि हितधारक शामिल होंगे। इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न राज्यों में लगभग 1.5 करोड़ किसानों तक सीधे पहुंचना एवं उनसे बातचीत करना है।