प्रदेश में मौसम एक बार फिर ठंड की दिशा में बढ़ रहा है। सोमवार को बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। रायपुर में बादल छाए रह सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम लगभग 16 डिग्री रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद तापमान में फिर से गिरावट दर्ज होगी। 1 दिसंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
रविवार को पूरे छत्तीसगढ़ में आसमान साफ रहा और मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन रात का तापमान कई शहरों में सामान्य से कम दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 8 डिग्री रहा, जबकि दिन का सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.8 डिग्री दर्ज हुआ।