


चीन के रक्षा मंत्री दोंग जुन ने बृहस्पतिवार को बीजिंग में सुरक्षा फोरम की शुरुआत पर एक बार फिर यह धमकी दी कि उनका देश स्व-शासित ताइवान पर कब्जा करेगा। दोंग ने बीजिंग शिआंगशान फोरम में अंतरराष्ट्रीय सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ताइवान का चीन में ‘‘पुनर्स्थापन'' ‘‘युद्धोपरांत अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा'' है। ताइवान 2.3 करोड़ लोगों वाला लोकतंत्र है, जो वर्ष 1949 से चीन से अलग है। बीजिंग ताइवान को एक अलग प्रांत मानता है और उसने ताइवान को अपने नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग से इनकार नहीं किया है।
चीन लगभग रोजाना द्वीप के पास युद्धपोत और विमान भेजकर ताइवान पर सैन्य दबाव बनाता है। ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते और उनकी सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी बीजिंग के दावों को खारिज करते हैं और कहते हैं कि ताइवान एक संप्रभु देश है और उसका भविष्य उसकी जनता तय करेगी। दोंग ने कहा कि चीन ‘‘ताइवान की स्वतंत्रता के किसी भी अलगाववादी प्रयास को कभी सफल नहीं होने देगा'' और वह ‘‘किसी भी बाहरी सैन्य हस्तक्षेप'' को विफल करने के लिए तैयार है।