


दंतेवाड़ा जिले में 26 हार्डकोर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुरक्षाबलों के जवानों को बधाई देते हुए कहा कि नक्सलवाद के समूल नाश के हमारे संकल्प को निरंतर सफलता मिल रही है। हमारी सरकार की नई आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति – 2025 से प्रभावित होकर दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के समक्ष 26 हार्डकोर नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पण किया जाना स्वागतेय है। इस महत्वपूर्ण सफलता में नियद नेल्ला नार योजना एवं जिले में चलाए जा रहे लोन वर्राटू अभियान का विशेष योगदान है।
दंतेवाड़ा में 26 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लाल आतंक प्रभावित गांवों को नक्सलमुक्त घोषित होने पर ₹1 करोड़ की विशेष सहायता राशि की घोषणा के सकारात्मक परिणाम भी अब सामने आने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक राज्य को पूरी तरह नक्सल आतंक से मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि हम निश्चित रूप से तय समयसीमा के भीतर इस लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।