


भारत सरकार ने कंबोडिया की यात्रा कर रहे या वहां जाने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि हाल के दिनों में कंबोडिया में फ्रॉड, मानव तस्करी और जबरन श्रम जैसे गंभीर मामलों में वृद्धि देखी गई है, जो भारतीय नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि कंबोडिया में रहने वाले भारतीय विरोध प्रदर्शनों और भीड़ से दूर रहें, क्योंकि वे हिंसक हो सकते हैं। थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर बसे शहरों की यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है। सिएम रीप और अंगकोर वाट जैसे प्रमुख पर्यटक स्थल सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन सावधानी बरतनी चाहिए।
इसलिए जारी की गई है एडवाइजरी
एडवाइजरी इसलिए जारी की गई है, क्योंकि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद चल रहा है, जिसके चलते दोनों देशों की सीमा अस्थायी रूप से बंद है। मई और जुलाई 2025 में दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव बढ़ा है, जिससे प्रियाह वीहेयर मंदिर, ता क्राबे/ता क्वाई मंदिर और तमोन थोम/ता मुएन थोम जैसे क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। इसलिए भारतीय इन क्षेत्रों की यात्रा न करें। इन इलाकों में संघर्ष, सैन्य हमले और बारूदी सुरंगों में विस्फोट के कारण यात्रा से बचने की सलाह है। आपात स्थिति में भारतीय दूतावास में या हेल्पलाइन नंबर 012 910 336 पर संपर्क कर सकते हैं।
थाईलैंड के लिए भी जारी हुई थी एडवाइजरी
बता दें कि बीते दिन भारतीय दूतावास ने थाईलैंड के लिए एडवाइजरी जारी की थी। थाईलैंड में रहने वाले भारतीयों को और घूमने के लिए थाईलैंड जाने वाले भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। थाईलैंड और कंबोडिया में चल रहे सीमा विवाद के चलते कंबोडिया और मलेशिया की सीमा पर बसे शहरों में जाने से बचने को कहा गया है। बुरी राम, सी साकेट, सुरीन, उबोन रतचाथानी राज्यों और चंथाबुरी व त्रात राज्यों के 8 जिलों में गैर-आवश्यक यात्रा करने से बचने को कहा गया है।
थाईलैंड के 8 जिलों में लागू है मार्शल लॉ
एडवाइजरी में कहा गया है कि मलेशिया और थाईलैंड की सीमा पर बसे याला, पट्टानी, नाराथिवाट और सोंगख्ला (चाना, ना थावी, थेफा, सबा योई जिले) में आतंकी हमलों और हिंसक घटनाओं के कारण भी भारतीयों को गैर-आवश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है, क्योंकि इन क्षेत्रों में मार्शल लॉ लागू है। बैंकॉक, चियांग माई, फुकेट और पट्टाया जैसे पर्यटन क्षेत्र सामान्य रूप से सुरक्षित हैं, लेकिन सतर्कता बरतने को कहा गया है। आपात स्थिति में भारतीय दूतावास या थाई टूरिस्ट पुलिस (1155) से संपर्क करें।