राजस्थान की तरफ से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के चलते मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को इंदौर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो हिल स्टेशन पचमढ़ी (4.8 डिग्री) से भी कम था।
इंदौर में तीव्र शीतलहर देखने को मिली, वहीं भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर और शहडोल जिलों में भी शीतलहर का प्रभाव रहा। नरसिंहपुर में दिन का तापमान भी काफी ठंडा रहा। दूसरी ओर, दिन का सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, शाजापुर और शहडोल में शुक्रवार को भी शीतलहर का असर जारी रह सकता है।
मौसम में बदलाव की संभावना शनिवार से है, जब हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। हवाओं के रुख बदलने से रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान बढ़ेगा और शीतलहर से कुछ राहत मिलेगी। फिर भी भोपाल, इंदौर, राजगढ़ सहित अन्य जिलों में रात का तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहने की संभावना है।