


आज 26 जुलाई 2025 को कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस अवसर पर आज देशभर में स्मृति समारोह, श्रद्धांजलि सभाएं, सैन्य प्रदर्शन, रक्तदान शिविर और द्रास युद्ध स्मारक पर विशेष आयोजन हो रहे हैं। साल 2025 कारगिल में विजय का रजत जयंती वर्ष है, भारतीय सैनिकों के बलिदान और देशभक्ति को सम्मानित करने का अवसर है। आज का दिन 26 साल पहले वर्ष 1999 में पाकिस्तान के साथ हुई जंग में भारतीय जवानों के बलिदान को याद करने का दिन है, जब उन्होंने ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन सफेद सागर के तहत पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा लहराया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की शहीदों को श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट करके कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। कारगिल विजय दिव वीर जवानों की असाधारण वीरता, साहस और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। राष्ट्र के लिए उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। जय हिंद! जय भारत!
केंद्रीय मंत्री ने पदयात्रा में लिया हिस्सा
केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज कारगिल के द्रास सेक्टर में आयोजित पदयात्रा में भाग लिया। कारगिल विजय दिवस 2025 पर 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए सैन्य कर्मियों की वीरता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पदयात्रा निकाली गई थी।
भारतीय वायुसेना का शहीदों को सलाम
भारतीय वायु सेना ने आज कारगिल विजय दिवस के मौके पर कारगिल के शहीदों को सलाम किया है। वायुसेना की ओर से एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसके कैप्शन में लिखा है कि भारतीय वायु सेना की ओर से कारगिल युद्ध के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका साहस, बलिदान और अटूट संकल्प कृतज्ञता से एकजुट राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा।