भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर टूर्नामेंट के 52 साल के इतिहास में अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीताऔर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस उपलब्धि ने पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 नवंबर को डीवाई पाटिल स्टेडियम में महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 52 रनों से जीत हासिल की।
इसी के साथ इंडियन वुमन क्रिकेट टीम ने पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस जीत पर भारतीय सितारे भी अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। कंगना रनौत से लेकर सुनील शेट्टी, पीएम मोदी, अमित शाह, सचिन, विराट तक कई सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। दूसरी तरफ रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी भी इस ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनीं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए इस मैच के दौरान नीता अंबानी भी डीवाई पाटिल स्टेडियम में मौजूद रहीं और हाथ में तिरंगा लिए लगातार टीम इंडिया का हौसला बढ़ाती दिखीं। जैसे ही टीम इंडिया ने ये खिताब अपने नाम किया, रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी की खुशी का भी ठिकाना नहीं रहा। तिरंगा लहराते हुए वह टीम इंडिया की जीत पर खुशी से चहकती नजर आईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।